रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम के कपाट सोमवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर यात्रा का भी समापन हो गया। इस धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, तीर्थ पुरोहित और स्थानीय हक-हकूकधारी मौजूद रहे। भगवान के जयकारों के बीच मंदिर के कपाट बंद किए गए और पूरे धाम में भक्तिमय माहौल बना रहा।
शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई। परंपरा के अनुसार, अगले छह माह तक भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में की जाएगी। श्रद्धालु अब शीतकाल के दौरान ऊखीमठ पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
तीन पड़ावों से होकर ऊखीमठ पहुंचेगी डोली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली पहले पड़ाव गौंडार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 17 नवंबर को डोली गौंडार से रवाना होकर रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 18 नवंबर को डोली गिरिया गांव के लिए प्रस्थान करेगी। गिरिया में रात्रि विश्राम के बाद 19 नवंबर को डोली ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
शीतकाल में ऊखीमठ में होंगे दर्शन
19 नवंबर को उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद अगले छह माह तक भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा इसी मंदिर में संपन्न होगी।
गौरतलब है कि मद्महेश्वर धाम भगवान शिव के पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में प्रसिद्ध है। समुद्रतल से काफी ऊंचाई पर स्थित इस धाम में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते हर साल परंपरानुसार कपाट बंद कर दिए जाते हैं।
