Uttarakhand : उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में प्रसव के बाद मां और नवजात शिशु की देखभाल के वास्ते 48 घंटे तक अस्पताल में ठहरने वाले अधिकृत तीमारदार को अब प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM, उत्तराखंड) द्वारा गर्भवती के साथ रुकने वाले एक नामित साथी (तीमारदार) के लिए 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दो दिन यानी कुल 600 रुपये की आर्थिक सहायता का नियम बनाया गया है।

यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके वास्ते बजट भी पास कर दिया गया है, हालांकि इस लाभ को पाने के लिए कुछ नियम तय किए गए हैं:

  • पहली शर्त: डिलीवरी उत्तराखंड के किसी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही होनी चाहिए।
  • दूसरी शर्त: प्रसव के पश्चात महिला को अस्पताल में कम से कम 48 घंटे तक रुकना अनिवार्य होगा।
  • तीसरी शर्त: यह सहायता राशि मरीज के साथ रहने वाले सिर्फ एक नामित साथी को ही प्रदान की जाएगी।

Uttarakhand : इस योजना को लाने के पीछे की वजह

विशेष तौर पर पहाड़ी और दूर-दराज के इलाकों में जब महिलाएं प्रसव के लिए आती हैं, तो परिवार का कोई सदस्य उनके साथ अस्पताल में रुकता है। इस दौरान उसकी दिहाड़ी (मजदूरी) छूटने के साथ ही खान-पान और अन्य खर्च भी होते हैं।

अक्सर पैसों की तंगी के चलते परिजन डिलीवरी के तुरंत बाद ही महिला को घर ले जाने की जिद करते हैं। इस आर्थिक मदद का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को तय समय तक अस्पताल में रोकना और प्रसव के बाद मां व बच्चे की सेहत पर पूरी निगरानी रखना है।

Uttarakhand : सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव का आंकड़ा 49.9 प्रतिशत

उत्तराखंड में भले ही 1.48 लाख संस्थागत प्रसव होते हों, लेकिन सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी का अनुपात अभी केवल 49.9 प्रतिशत ही है। कुल प्रसव में संस्थागत प्रसव का आंकड़ा लगभग 85 प्रतिशत है। इसका अर्थ यह है कि संस्थागत प्रसव का दायरा तो बढ़ा है, मगर सरकारी चिकित्सा संस्थानों में प्रसव कराने के प्रति लोगों का रुझान अब भी कम है।

यही वजह है कि प्रसव के बाद 48 घंटे तक रुकने पर1 साथी को 600 रुपये देने की एनएचएम की इस योजना को सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी के ग्राफ को बढ़ाने की एक अहम कोशिश माना जा रहा है।

Also Read : News : कम उम्र में मोटापे की चपेट में आ रहे बच्चे, अच्छी स्वास्थ्य के लिए लाइफस्टाइल में करे ये जरूरी बदलाव

You missed