गोपेश्वर। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया के तहत रविवार को पंच पूजाओं का चौथा दिन संपन्न हुआ। इस दौरान माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए मंदिर आने का निमंत्रण दिया गया। सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है।
रविवार को बदरीनाथ धाम के साथ ही माणा, बामणी और आसपास की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण धाम में ठंड काफी बढ़ गई है। मौसम में बदलाव के बावजूद भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंदिर परिसर में कपाट बंद होने की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।
पंच पूजा के चौथे दिन बदरीनाथ मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया गया। पूजा में नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल, वेदपाठी, लक्ष्मी मंदिर के पुजारी और डिमरी पुजारी शामिल रहे।
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद शाम सात बजे से सांध्यकालीन पूजाएं संपन्न होंगी।
उन्होंने बताया कि रात आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रियाएं शुरू होंगी और रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस दौरान बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मंदिर समिति के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
