देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उत्तराखंड सरकार भी सतर्क हो गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके साथ ही अफ्रीकी देशों से उत्तराखंड पहुंचे 55 पर्यटकों की निगरानी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग इन सभी यात्रियों के स्वास्थ्य पर अगले 21 दिनों तक नजर रखेगा। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी को भी प्रदेश में आने वाले अन्य यात्रियों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और कुछ अन्य अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के संक्रमण के मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अक्तूबर में राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा भी की थी। इसके बाद उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को निगरानी और बचाव के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने अब तक अफ्रीकी देशों से पहुंचे 55 यात्रियों की सूची तैयार की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक, इन यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर निगरानी की जा रही है। प्रथम श्रेणी के यात्रियों की समुदाय स्तर पर निगरानी होगी, जबकि दूसरी और तीसरी श्रेणी के यात्रियों पर निर्धारित एसओपी के अनुसार क्वारंटाइन और आइसोलेशन व्यवस्था के तहत नजर रखी जाएगी।
एम्स ऋषिकेश बनाया गया आइसोलेशन अस्पताल
इबोला से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एम्स ऋषिकेश में बृहस्पतिवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसमें संदिग्ध मरीज को अस्पताल पहुंचाने, जांच, भर्ती प्रक्रिया और जरूरी चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। इसके बाद एम्स ऋषिकेश को इबोला के लिए आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है।
राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, इबोला वायरस शरीर की रक्तवाहिकाओं के साथ लिवर, किडनी और आंतों को भी प्रभावित कर सकता है। इसके शुरुआती लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, आंखों का लाल होना, शरीर पर लाल धब्बे और गंभीर स्थिति में नाक-मसूड़ों से खून आना शामिल हैं।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने सभी जिलों के सीएमओ और जिला अधिकारियों को तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, निगरानी में रखे गए 55 यात्रियों में फिलहाल इबोला के लक्षण नहीं मिले हैं।
