हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लक्सर में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्सर कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 11 बजे लक्सर नगर के बालावाली तिराहे की है। लक्सर कोतवाली की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी यहां खड़ी थी। इसी दौरान कोतवाली की एक अन्य गाड़ी भी गश्त करते हुए मौके पर पहुंच गई। कुछ पुलिसकर्मी वाहनों के बाहर खड़े थे, जबकि कुछ गाड़ी के अंदर मौजूद थे। तभी पुरकाजी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान गाड़ी के पास खड़े पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, वाहन में मौजूद एसएसआई राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एसएसआई राजेश बिष्ट को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी उपचार कराया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

You missed