Haridwar : ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से गायब हुई एक किशोरी को हिमाचल प्रदेश में उसकी बड़ी बहन के आवास से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। हालांकि, घर छोड़ने के पीछे किशोरी द्वारा दिए गए बयानों ने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया। पीड़िता ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और लगातार प्रताड़ित करने का संगीन आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने बीते सप्ताह ज्वालापुर थाने में शिकायत देकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का अंदेशा जताया था। छानबीन करते हुए पुलिस टीम हिमाचल प्रदेश पहुंची और किशोरी को उसकी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया।
Haridwar : मां के दूसरे विवाह के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पूछताछ में किशोरी ने खुलासा किया कि पिता के देहांत के बाद उसकी मां ने दूसरा विवाह कर लिया था। आरोप है कि इसके बाद से ही उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण करने लगा। इस उत्पीड़न से तंग आकर वह किसी को बताए बिना घर से निकलकर अपनी बहन के पास हिमाचल चली गई थी।
किशोरी के बयानों और चिकित्सीय जांच (मेडिकल रिपोर्ट) के आधार पर पुलिस ने 4 नवंबर को आरोपी सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया। मामले में दर्ज प्राथमिकी में पॉक्सो (POCSO) कानून की धाराएं जोड़ते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सोनल रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर शामिल रहीं।
Also Read : News : अर्धकुंभ 2027 से पहले हरिद्वार का कायाकल्प: 3.77 करोड़ की लागत से निखरेंगे फ्लाईओवर और अंडरपास
