देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।

केंद्र सरकार की ओर से सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए एक जुलाई 2026 से 63 प्रतिशत हो गया है। इसी तर्ज पर उत्तराखंड सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच डीए में हुई इस बढ़ोतरी से कर्मचारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इस फैसले का लाभ केवल राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।

इसके साथ ही कर्मचारियों को एरियर का लाभ भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार एक जुलाई 2026 से 31 अक्तूबर 2026 तक की अवधि के महंगाई भत्ते के अंतर की राशि का भुगतान नकद एरियर के रूप में किया जाएगा।

सरकार के इस निर्णय को त्योहारी सीजन में राज्य कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि से कर्मचारियों के मासिक वेतन में भी बढ़ोतरी होगी। अब वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।