देहरादून। उत्तराखंड के युवा स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा अपने तकनीकी नवाचार के जरिए भविष्य की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं। फ्लाइंग कार तैयार करने में जुटे रवि टम्टा ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने प्रोजेक्ट की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी।
सीएम आवास में हुई मुलाकात के दौरान रवि टम्टा ने फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं और अब तक किए गए कार्यों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री धामी ने उनके प्रयासों और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नए प्रयोग करने की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं के नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को प्रोत्साहित करना है। सरकार ऐसे नवाचारों को केवल प्रोत्साहन देने तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय को रवि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और नवाचार का है और उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस समेत आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के ऐसे प्रयास रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
