हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोर ने चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने करीब तीन घंटे तक गौला नदी में किशोर की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। नदी में तेज बहाव और कई स्थानों पर 15 से 20 फीट तक गहराई होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अभियान के दौरान लगभग 100 मीटर के दायरे में लगातार खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रात करीब साढ़े आठ बजे अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च अभियान रोक दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। फिलहाल किशोर की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि किशोर की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
