देहरादून। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए रामनगर से देहरादून के बीच नई रेल सेवा को मंजूरी दे दी है। इस पहल से गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के बीच आवागमन पहले से अधिक आसान और सुगम होने की उम्मीद है।

सांसद अनिल बलूनी के अनुरोध पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नई ट्रेन सेवा को स्वीकृति प्रदान की। रेल मंत्री ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए प्रस्ताव को मंजूर किए जाने की पुष्टि की। बलूनी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को देहरादून की यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी, साथ ही समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में रामनगर और देहरादून के बीच कोई सीधा रेल संपर्क नहीं है, जिसके चलते यात्रियों को लंबा और असुविधाजनक मार्ग अपनाना पड़ता है। बड़ी संख्या में श्रमिक, छात्र और व्यापारी इन दोनों शहरों के बीच नियमित रूप से यात्रा करते हैं, ऐसे में यह नई सेवा उनके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे रेल विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बीते वर्षों में काठगोदाम-देहरादून नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार-नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि यह मंजूरी उत्तराखंड के समग्र विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और आने वाले समय में राज्य के रेल नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा।