देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि घटना को दिल्ली में सक्रिय नेपाली मूल के एक गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की 27,500 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार बरामद की है। गैंग के तीन अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
मामला बल्लीवाला चौक स्थित राज मार्केट का है। यहां भाजपा पार्षद के परिवार के साथ हुई वारदात में घरेलू काम के लिए रखा गया भरत थापा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया था। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में चले गए। इसके बाद आरोपी घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को भरत थापा के साथ चार अन्य लोगों के शामिल होने और हरियाणा नंबर की एक कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश सुनार नाम के आरोपी को वारदात में इस्तेमाल कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दिनेश मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गैंग के सदस्य घरों में काम करने के बहाने पहले रैकी करते थे। इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। दिनेश टैक्सी के जरिए गैंग के सदस्यों को घटनास्थल तक पहुंचाता और वारदात के बाद उन्हें वापस ले जाता था। इसके बदले उसे चोरी के सामान में हिस्सा मिलता था। पुलिस के अनुसार, बसंत विहार की वारदात के बाद उसे 50 हजार रुपये दिए गए थे।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों भरत थापा, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स की तलाश कर रही है। साथ ही गैंग के अन्य मामलों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।
