रुड़की। रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की। बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में वापस लौटी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बरेली निवासी एक परिवार कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था और रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार शाम परिवार के लोग लंगर लेने के लिए गए थे। इसी दौरान छह वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया। इससे परिवार में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बुधवार सुबह बच्ची वापस मिली। उसकी हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सूचना मिलने के बाद सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ और क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
