देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड भाजपा ने बुधवार, 7 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों के कार्यों को जनता तक पहुंचाना और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।

प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति सभाएं और यात्राएं आयोजित की गईं। कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। साथ ही सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। देहरादून में मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित हुआ। यहां प्रदेश प्रभारी राम माधव, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति को लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया गया।

भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विभिन्न कार्यक्रमों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने पर जोर दिया गया।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा की कमान संभाली। उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत वरिष्ठ नेता शामिल हुए। वहीं ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा तथा पौड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कार्यक्रमों का नेतृत्व किया।

श्रीनगर में सेवा ज्योति पदयात्रा के साथ गढ़भोज का भी आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर अभियान चला रही है और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में हुए कार्यों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।

You missed