नैनीताल। नैनीताल जिले में भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोपाखी के पास अल्मोड़ा से हल्द्वानी आ रही सैलानियों से भरी केमू बस अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई।

हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 14 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत गरमपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य का उपचार सीएचसी में जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री अल्मोड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। बस में राजस्थान, कोलकाता और पंजाब के सैलानी भी शामिल थे।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि बस के अनियंत्रित होने को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।