देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जाखन क्षेत्र में खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के बाद फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पहले फुटपाथ बनाया गया, लेकिन बाद में यूपीसीएल द्वारा लाइन बिछाने के लिए इसे खोद दिया गया। कार्य पूरा होने के बाद सही तरीके से भरान न होने के कारण टाइल्स धंस गईं, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मोबाइल फोन से अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए मौके की स्थिति दिखाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना उचित योजना के किए गए कार्य से जनता को नुकसान हो रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कई स्थानों पर अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो खतरे का कारण बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश में इस तरह की समस्याओं की जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वे आगामी दौरों में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रखेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद कर समस्याओं का समाधान करेंगे।
