Uttarakhand : ​उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र बनबसा में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए एक आधुनिक बैडमिंटन हॉल तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में यूजेवीएन लिमिटेड (UJVNL) द्वारा 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बैडमिंटन हॉल का शिलान्यास किया। इस नए निर्माण से बनबसा और नजदीकी इलाकों के युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिलेंगे।

​यह परियोजना यूजेवीएनएल की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत पूरी की जा रही है। हॉल बनने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित ट्रेनिंग, स्किल डेवलपमेंट और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए विश्वस्तरीय माहौल मिलेगा, जिससे क्षेत्र की नई खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आ सकेंगी।

​यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि संस्थान बिजली उत्पादन के साथ-साथ राज्य के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। सीएसआर फंड के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और कम्युनिटी डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Uttarakhand : युवाओ को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा

​उन्होंने आगे कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, लीडरशिप, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना जगाने का एक मजबूत जरिया हैं। सीमांत क्षेत्रों में ऐसी आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

​गौरतलब है कि बनबसा के पास लोहियाहेड में स्थित यूजेवीएनएल की 41.4 मेगावाट क्षमता वाली खटीमा जल विद्युत परियोजना राज्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है। इस शिलान्यास समारोह में राज्य मंत्री सुभाष भगोली, किरण देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी और जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Also Read : Uttarakhand: जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, दिल्ली में ली पार्टी की सदस्यता