News : ​रैपिडो राइडर का काम बुकिंग पर यात्री से ओटीपी लेकर उसे सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना होता है। जरूरत पड़ने पर वह रास्ते में रुकता भी है। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई ड्राइवर सफर के दौरान आपका फोन ही छीन ले? गुरुग्राम के एक नागरिक ने ऐसा ही हैरान करने वाला दावा किया है। उनके साथ रात के वक्त जो कुछ हुआ, वह बेहद खतरनाक था और उनकी जान पर भी खतरा बन आया था।

​रेडिट के कानूनी सलाह से जुड़े प्लेटफॉर्म पर u/Himanshuch8055 यूजर द्वारा शेयर की गई पोस्ट में बताया गया है कि यह वारदात रात डेढ़ बजे की है। उन्होंने पुलिस और रैपिडो प्रबंधन दोनों से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

​पीड़ित हिमांशु के मुताबिक, यह घटना 19 अक्टूबर को रात 1:30 बजे की है। उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-5 स्थित अशोक विहार से सेक्टर 72A जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। रास्ते में ड्राइवर ने एप पर खुद ही राइड कैंसल कर दी, लेकिन भरोसा दिलाया कि वह उन्हें मंजिल तक जरूर पहुंचाएगा।

News : आधे रास्ते में ही कैंसिल कर दी राइड

​इसके बाद अचानक चालक ने अपनी जेब से चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी। उसने जबरन उनका मोबाइल फोन छीना और वहां से फरार हो गया। इस तरह एक साधारण राइड लूटपाट की गंभीर घटना में बदल गई।

उन्होंने इस सिलसिले में पुलिस थाने और रैपिडो सपोर्ट टीम में शिकायत दर्ज कराकर सख्त एक्शन लेने की मांग की है। साथ ही अन्य लोगों से भी राय मांगी है कि क्या उनके साथ भी कभी ऐसा वाकया हुआ है।

​इस पोस्ट को देखने के बाद एक यूजर ने इस पूरी घटना को दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी वायरल करने की बात कही। उनका कहना था कि हालात सचमुच काफी चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुके हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने सलाह दी कि राइड कैंसल होने के बाद कभी भी उस वाहन से सफर नहीं करना चाहिए।

Also Read : News : देहरादून से ऊखीमठ-चोपता के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी सहूलियत