चमोली। चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में अस्पताल के पास मोटर मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मारपीट, जान से मारने की धमकी और महिला को गंभीर चोटें पहुंचाते हुए हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इसके अलावा आरोप है कि विवाद के दौरान अनुसूचित जाति के लोगों को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस गंभीर आरोप के तहत पुलिस ने पोखरी निवासी राजेंद्र असवाल, उनकी पत्नी पार्वती देवी और बेटे दीपेंद्र असवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
