देहरादून। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष हेली टिकटों की शत-प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से Indian Railway Catering and Tourism Corporation (आईआरसीटीसी) के जरिए की जाएगी। बुकिंग पोर्टल 10 अप्रैल से खोलने की तैयारी है।

रविवार को यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आईआरसीटीसी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिकट बुकिंग व्यवस्था और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। तय किया गया कि पहले चरण में 20 दिनों की यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग की जाएगी।

केदारनाथ के लिए शटल हेली सेवा 21 अप्रैल से शुरू होगी। इस बार यूकाडा ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से कुल आठ रूटों पर चार ऑपरेटरों का चयन किया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुगम सेवाएं मिल सकें।

बैठक में मौसम के कारण उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को रिफंड देने के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पिछले वर्ष रिफंड में देरी की शिकायतों को देखते हुए यूकाडा ने आश्वासन दिया कि इस बार प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित ऑपरेटरों को नोटिस जारी कर समयबद्ध तरीके से यात्रियों को किराया वापस दिलाया जाएगा।

यूकाडा का कहना है कि इस बार हेली सेवा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और यात्री-अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।