गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र के ग्राम बकैनिया में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक नाबालिग भतीजे ने अपने ताऊ पर गोली चला दी। इस घटना में घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बकैनिया निवासी सर्वेश्वर सिंह (60) और उनके भाई सर्वजीत सिंह के बीच करीब एक एकड़ से अधिक जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात करीब 8:30 बजे सर्वेश्वर सिंह के पुत्र शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू और सर्वजीत सिंह के बीच कहासुनी हो गई। शोर सुनकर सर्वेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

इसी दौरान सर्वजीत सिंह के नाबालिग बेटे ने घर के अंदर से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर फायर कर दिया। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह और उनके पुत्र शिव शंकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने सर्वेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक और सकैनिया चौकी प्रभारी विजय कुमार ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ विभव सैनी और एसएसपी अजय गणपति भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

एसएसपी अजय गणपति ने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और नाबालिग द्वारा लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल की जांच भी की जा रही है।

सोमवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद सर्वेश्वर सिंह का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में कर दिया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।