हरिद्वार। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक से करीब 1.77 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि यह रकम युवक के पिता को मुआवजे के रूप में मिली थी। शिकायत के अनुसार झबरेड़ा क्षेत्र के बेहड़ेकी सैदाबाद निवासी अभिमन्यु (18) पुत्र ओमकार ने जनवरी 2025 में प्ले स्टोर से स्पोर्ट्स बाज्जी, प्रोबू और ड्रीम 11 जैसे गेमिंग एप डाउनलोड किए थे। इसके बाद वह ऑनलाइन गेम खेलने लगा और धीरे-धीरे उसे इसकी लत लग गई।

जून 2025 में अभिमन्यु ने यूट्यूब पर एक नई गेमिंग वेबसाइट “विनअड्डा” का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लिंक भेजे गए और उसे ऑनलाइन गेम खेलने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया।

आरोपियों के कहने पर अभिमन्यु ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से लगातार रकम ट्रांसफर करनी शुरू कर दी। इस दौरान उसने कुल एक करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी।

जब अभिमन्यु ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उससे और पैसा जमा करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि फर्जी गेमिंग एप और वेबसाइट के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर उससे धोखाधड़ी की गई।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।