देहरादून। राजधानी में विदेश भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाली प्लेसमेंट एजेंसियों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां दो युवकों को सऊदी अरब भेजकर महीनों तक बिना काम और वेतन के रखा गया।

नैनीताल जिले के निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देहरादून स्थित सीएचसीएफ कम्युनिटी प्लेसमेंट के माध्यम से परसी खान और आशीष रतूड़ी नामक व्यक्तियों ने उन्हें और उत्तरकाशी निवासी अनिल को सऊदी अरब के एक रेस्टोरेंट में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि सऊदी पहुंचने के बाद दोनों युवकों को छह महीने तक एक कमरे में बिना काम के रखा गया। बाद में रेस्टोरेंट शुरू हुआ, लेकिन तीन माह के भीतर बंद हो गया और उन्हें पूरा वेतन भी नहीं दिया गया।

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्हें अपने खर्च पर भारत लौटने को कहा गया। शिकायतकर्ता के भाई ने टिकट की व्यवस्था की, लेकिन सऊदी एयरपोर्ट पर उन्हें भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान वीजा की अवधि भी समाप्त हो गई, जिससे वे वहां फंस गए।

आर्थिक तंगी और कानूनी परेशानी के चलते दोनों ने खुद को सऊदी पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उन्हें 10 दिन जेल में रखा गया। बाद में उन्हें मुंबई भेजा गया।

थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।