रुड़की। खानपुर से पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने शादी समारोह के दौरान वायरल हुए वीडियो को लेकर सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में आरोपों को झूठा और साजिश करार देते हुए कहा कि वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। चैंपियन ने कहा कि वीडियो में जो व्यक्ति डांसर के साथ नाचता दिख रहा है, वह वह नहीं हैं और उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

चैंपियन ने अपने बयान में कहा कि पहले राजाओं और महाराजाओं की महफिलों में तवायफ नृत्य करती थीं और उन्हें इनाम दिया जाता था। उन्होंने खुद को राज परिवार से जुड़ा बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में इनाम देना गलत नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं 60 साल का हूं और आज भी 54 इंच का सीना रखता हूं। मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। झूठा वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा करूंगा और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ूंगा।”

पूर्व विधायक ने खुद को चरित्रवान और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने 30 साल विधायक रहते हुए कोई व्यवसाय, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी या प्रॉपर्टी का धंधा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी आय पैतृक भूमि से होती है और वे अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा जनता के हित में खर्च करते हैं।

मामले के अनुसार, वायरल वीडियो रुड़की के दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह का बताया जा रहा है, जहां महिला डांसरों को बुलाया गया था। वीडियो में चैंपियन मंच पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं और डांसर पर नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

कुंवर प्रणव चैंपियन ने वीडियो को फर्जी और भ्रामक बताते हुए कहा कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाईकी जाएगी।

You missed