रुड़की। देवबंद से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे दो युवकों की कार अनियंत्रित होकर गंगनहर के रजवाहे में गिर गई, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। हादसा रुड़की की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांसीपुर गांव के पास हुआ, जहां कार अचानक सड़क से फिसलकर गंगनहर के रजवाहे में जा गिरी।
कार में सवार मृतकों की पहचान रुड़की निवासी सचिन धीमान और अमन त्यागी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रजवाहे में सर्चिंग अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को गंगनहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवकों की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज गति, चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ।
इस दुर्घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर के किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
