रुड़की। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने हज यात्रा 2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी घोषणा की है। अब हज यात्री अपनी फ्लाइट की बुकिंग स्वयं ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे। यह सुविधा हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट और “हज सुविधा” मोबाइल एप के जरिए उपलब्ध कराई गई है। इस पहल को यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मो. आरिफ ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार स्वयं फ्लाइट बुकिंग की यह सुविधा 29 जनवरी 2026 से शुरू होकर अगले चार दिनों तक ही उपलब्ध रहेगी। इस निर्धारित अवधि के दौरान इच्छुक हज यात्री अपनी सुविधा, पसंद और सीटों की उपलब्धता के अनुसार उड़ान का चयन कर सकेंगे। हालांकि, फ्लाइट बुकिंग पूरी तरह से उड़ान क्षमता और उपलब्ध सीटों पर निर्भर करेगी।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक बार फ्लाइट बुक हो जाने के बाद यात्रा की तिथि या फ्लाइट में किसी भी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, जो हज यात्री निर्धारित समय सीमा में स्वयं फ्लाइट बुकिंग नहीं कर पाते हैं या इस सुविधा का लाभ नहीं लेना चाहते, उनकी फ्लाइट हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से स्वतः आवंटित कर दी जाएगी।
मो. आरिफ ने यह भी जानकारी दी कि शिया हज यात्री, बिना मेहरम महिला हज यात्री तथा महिला मेहरम श्रेणी के अंतर्गत यात्रा करने वाले यात्रियों को स्वयं फ्लाइट बुकिंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। इन सभी श्रेणियों के यात्रियों की फ्लाइट का निर्धारण केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा ही किया जाएगा।
हज कमेटी की इस नई व्यवस्था से बड़ी संख्या में हज यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बेहतर ढंग से बनाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
