प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक तबाही मचा दी है। गुरूवार को अस्थायी रूप से केदारनाथ यात्रा भी रोक दी गई है। रुद्रप्रयाग में हिमालयी मंदिर के रास्ते में सोनप्रयाग के पास मुनकटिया में बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते ये फैसला लिया गया है।
सोनप्रयाग के पास मुनकटिया में भारी भूस्खलन
रूद्रप्रयाग जिले में मौसम खराब बना हुआ है। हिमालयी मंदिर के रास्ते में सोनप्रयाग के पास मुनकटिया में भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से रास्ता बाधित हो गया है। जिसके बाद एतियातन केदारनाथ यात्रा को भी रोक दिया गया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रूकनो को कहा गया है।
केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई
पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में भूस्खलन के मलबे और पत्थरों से सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है। सड़क बंद होने के कारण प्रशासन को यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि गौरीकुंड से लौट रहे कुछ तीर्थयात्री स्लाइडिंग जोन में फंस गए थे। लेकिन एसडीआरएफ की टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।