उत्तराखंड सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सचिवालय में नौकरी देने और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला ने युवक से लाखों रूपए की ठगी की थी।
नौकरी के नाम ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
उत्तराखंड सचिवालय में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों रुपए ठगी करने वाली एक शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आरोपी महिला खुद आयुर्वेदिक विभाग में प्रधान सहायक के पद पर तैनात है। महिला ने सचिवालय में नौकरी के नाम पर युवक से 26 लाख 55 हजार रुपए ठगे थे। यहां तक कि महिला ने उसे एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
ऐसे आई पुलिस के शिकंजे में
ऋषिकेश निवासी अमित कुमार ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि महिला ने उसे सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्ति का झांसा देकर 26 लाख 55 हजार रुपए ठगे हैं। महिला ने अमित को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था। पुलिस ने जांच में पाया कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह से फर्जी था। इसके बाद पुलिस ने महिला को जोगीवाला से गिरफ्तार कर लिया।
महिला पर दर्ज हैं धोखाधड़ी के तीन मुकदमे
आरोपी महिला रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल, आयुर्वेदिक विभाग में प्रधान सहायक के पद पर तैनात है। उसके खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि आरोपी महिला ने नौकरी के नाम पर पहले भी कई लोगों को ठगा है। पुलिस ने उसे IPC की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-B के तहत गिरफ्तार किया है।