रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में निहंग सिखों का हंगामा दूसरे दिन भी जारी रहा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुद्वारे के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद कुछ निहंग सिख नगरासू गुरुद्वारे पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निहंगों ने गुरुद्वारे के सेवादार और एक बाबा को बंधक बना लिया तथा परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना दिया। प्रशासन और निहंगों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और आईटीबीपी लगातार मौके पर डटे रहे। अधिकारियों ने निहंगों से शांतिपूर्वक विवाद समाप्त करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैयार रखे गए हैं।
