रुद्रपुर। दोस्तों के साथ गोवा घूमने जा रहे 35 वर्षीय युवक की रेलवे पटरी पर लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना रुद्रपुर के अमरदीप कॉलोनी-भूरारानी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। प्रारंभिक जानकारी में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे से ठीक पहले क्या हुआ था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:38 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पटरी के पास युवक का शव पड़ा था और शरीर से काफी खून निकल रहा था। मौके से पुलिस को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला।

शव की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मोबाइल में मिले सिम कार्ड की मदद से परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद मृतक की पहचान दीपक नैथवाल पुत्र नंद किशोर, निवासी गढ़ बागेश्वर के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, दीपक अपने दोस्तों रोहित कठायत, कैलाश और आनंद के साथ गोवा जाने के लिए निकले थे। दोस्त रोहित ने पुलिस को बताया कि सभी लोग ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीपक नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसके दोस्त मुरादाबाद पहुंच गए और वहां से वापस लौट रहे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ ही मृतक के दोस्तों के बयानों की भी जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

You missed