देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के पलायन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने जा रही है। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से चलाए जाने वाले इस अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। इसके बाद करीब दो महीने तक प्रदेश के अलग-अलग ब्लॉकों में अभियान चलाया जाएगा।

अभियान की रणनीति को लेकर रविवार को कांग्रेस भवन में बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी और संगठन के राष्ट्रीय महासचिव दीपक राठौर भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद प्रेसवार्ता में दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों के साथ मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के जरिए गांवों में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

कांग्रेस सरकार से सरकारी विभागों में खाली पदों पर जल्द भर्ती, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग करेगी। संगठन का कहना है कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि अभियान का उद्देश्य रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार और सम्मानजनक रोजगार की मांग को मजबूती से उठाना है।

अभियान के पहले चरण में चमोली, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों को शामिल किया गया है।

You missed