बाजपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक आई आंधी, तेज बारिश और भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के साथ हुई भारी ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा। कई क्षेत्रों में ओलों की मार से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। फसलों और संपत्तियों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट की चिंता भी बढ़ गई।
इसी दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। उन्हें जैसे ही बाजपुर में ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिली, उन्होंने अपने हेलीकॉप्टर का रुख प्रभावित क्षेत्र की ओर करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बरहैनी से नमूना तक प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में उतरकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
नुकसान का आकलन कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त टीमें गठित कर फसलों और संपत्तियों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए। सर्वेक्षण का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नुकसान के आकलन से लेकर राहत राशि और मुआवजा उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से प्रभावित किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अब प्रशासन की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन किए जाने के बाद प्रभावित किसानों को मिलने वाली सहायता की तस्वीर स्पष्ट होगी।
