अल्मोड़ा। उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम की प्राचीन और ऐतिहासिक मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की चर्चा से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम जागेश्वर स्थित संग्रहालय पहुंची तो इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पुजारी समाज ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि संग्रहालय में सुरक्षित रखी गई अमूल्य प्राचीन मूर्तियों को बिना किसी पूर्व सूचना के दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जागेश्वर धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की प्राचीन मूर्तियां क्षेत्र की विरासत का हिस्सा हैं और इनसे स्थानीय लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में इन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित करने का निर्णय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में विकसित किए जा रहे ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय में जागेश्वर संग्रहालय की कुछ प्राचीन मूर्तियों को प्रदर्शित करने के लिए ले जाने की योजना है। बताया जा रहा है कि जागेश्वर संग्रहालय में 274 से अधिक दुर्लभ और प्राचीन मूर्तियां सुरक्षित हैं। इनमें लकुलीश शिव और पौन राजा की मूर्तियां भी शामिल हैं।
मंदिर के पुजारी हरि मोहन भट्ट ने बताया कि जैसे ही ग्रामीणों को पुरातत्व विभाग की टीम के पहुंचने की जानकारी मिली, आसपास के गांवों के लोग एकजुट होकर विरोध करने पहुंच गए। वहीं, जागेश्वर मंदिर समिति के पूर्व उपाध्यक्ष नवीन भट्ट ने बताया कि मूर्तियों को स्थानांतरित न करने के संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को पत्र भेजा गया है।
अनिश्चितकालीन धरने और आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया है कि यदि मूर्तियों को यहां से ले जाने का प्रयास किया गया तो संग्रहालय के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने विभाग से लिखित आश्वासन देने की मांग की है कि जागेश्वर की प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली नहीं ले जाया जाएगा।
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी स्थानीय लोगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करने और मूर्तियों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया रोकने की मांग की है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त से भी मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
अब इस मामले में पुरातत्व विभाग और शासन के अगले कदम पर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं।
