हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने मंगलवार से दो दिवसीय अभियान ऑपरेशन ट्रैक-7 चलाया है। इसके तहत पिछले सात वर्षों में स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए करीब 1300 आरोपियों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों के वर्तमान ठिकानों, उनकी गतिविधियों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां जुटाएंगी।
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी में शामिल पुराने आरोपियों की वर्तमान स्थिति का पता लगाना और यह जानकारी जुटाना है कि कहीं वे दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय तो नहीं हो गए हैं। सत्यापन के दौरान उनके निवास स्थान, संपर्कों और अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। अभियान बुधवार शाम तक चलेगा। इसके बाद पुलिस सभी जानकारियों को एकत्र कर विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजेगी।
इस अभियान में उन आरोपियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, जो नशे की दुनिया में अलग-अलग उपनामों से पहचाने जाते हैं। पुलिस रिकॉर्ड में मंत्री, डॉक्टर, चीमा, चच्ची, हरिया और लंगड़ा जैसे नाम सामने आए हैं। इनके वास्तविक नाम और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा निवासी मोहम्मद रिजवान को मंत्री के नाम से जाना जाता है। वहीं, शहनवाज सिद्दीकी को डॉक्टर के नाम से पहचान मिली है। इसके अलावा राजा उर्फ लंगड़ा, नदीम खान उर्फ गंठा, यश कुमार उर्फ हरिया, शकीला उर्फ चच्ची और कैलाश शर्मा उर्फ चीमा भी नशा तस्करी के मामलों में पुलिस की निगरानी में हैं। इनमें से कई आरोपी पहले भी मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार हो चुके हैं।
नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि नशा तस्करी के मामलों में पहले गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को चिह्नित कर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। अभियान में जिले की सभी संबंधित टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को तोड़ना और तस्करी में दोबारा सक्रिय होने वाले आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
