देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग में तबादला एक्ट की धारा-27 के तहत स्थानांतरण के लिए तीन हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग अब इन आवेदनों के साथ जमा किए गए दस्तावेजों की जांच और सत्यापन में जुटा है। दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद सभी प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति के सामने रखे जाएंगे। समिति के निर्णय के बाद ही शिक्षकों के तबादलों की आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।
शिक्षा विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, प्रवक्ता संवर्ग में कुल 309 शिक्षकों ने तबादले के लिए आवेदन किया है। इनमें सामान्य संवर्ग के 284 और महिला संवर्ग के 25 आवेदन शामिल हैं। वहीं, सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में गढ़वाल मंडल से कुल 842 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सामान्य संवर्ग के 766 और महिला संवर्ग के 76 आवेदन हैं।
कुमाऊं मंडल में सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग के तहत तबादलों के लिए सबसे अधिक 1,116 आवेदन मिले हैं। इनमें सामान्य संवर्ग के 1,007 और महिला संवर्ग के 109 आवेदन शामिल हैं। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में भी एक हजार से अधिक शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सभी आवेदनों का संकलन और उनके साथ लगाए गए दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद पात्रता और संबंधित परिस्थितियों के आधार पर प्रस्ताव उच्चस्तरीय समिति के समक्ष रखे जाएंगे। समिति इन पर विचार कर आगे की कार्रवाई तय करेगी।
वहीं, शिक्षक संगठनों ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे शिक्षकों को तबादलों में प्राथमिकता देने की मांग उठाई है। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली का कहना है कि कई शिक्षक गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। ऐसे शिक्षकों को धारा-27 के तहत स्थानांतरण का लाभ मिलना चाहिए।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद थापा ने भी सरकार से चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले तबादला सूची जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले चार से पांच वर्षों से शिक्षक तबादलों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल पाई है। ऐसे में शासन को जल्द निर्णय लेकर शिक्षकों की समस्या का समाधान करना चाहिए।
