देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पीड़िता के माता-पिता एक बार फिर आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। बुधवार को अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले में पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। माता-पिता का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।

अंकिता के माता-पिता ने कहा कि अपनी बेटी को खोने के बाद से ही वे न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मामले से जुड़े कई सवाल अभी भी अनसुलझे हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने मांग की कि विनोद आर्य के खिलाफ उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जाए और मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाए।

दरअसल, यह विवाद उस समय फिर चर्चा में आया जब 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता की कथित निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की थी। इसके बाद अंकिता के माता-पिता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि उनकी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इस संबंध में उन्होंने देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी थी।

माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाना ही उनके जीवन का उद्देश्य बन गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं और जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रखेंगे।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में ऋषिकेश के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। हालांकि, मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर परिवार लगातार जांच की मांग करता रहा है।

You missed