देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों को ‘स्पेशल सर्विस’ देने के नाम पर यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर की संचालक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं, मौके से एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने घटनास्थल से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 13 नवंबर 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुर थाना क्षेत्र में टचवुड स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एएचटीयू और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में अचानक छापेमारी की। पुलिस टीम के अंदर पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान सेंटर के एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से पुलिस ने देह व्यापार से संबंधित सामग्री के साथ 3,740 रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ में सामने आया कि स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों को स्पेशल सर्विस देने का झांसा देकर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर का संचालन कर रही मुख्य आरोपी वकिला पुत्री गुलाम रसूल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ रायपुर थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला का स्थायी पता आईएसबीटी बंजारावाला, कारगी स्थित मुस्कान होटल के पास और वर्तमान पता दून कॉलोनी, माजरा में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
