News : दीपावली के दौरान पटाखों के कारण लगी आग और हादसों में कुल 24 लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में कारोबारियों के घरों में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग कारोबारी परिवारों के सदस्य थे, जिनमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की जान गई, पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में एक-एक व्यक्ति की जान जाने की खबर है। राजधानी दिल्ली में करीब 300 लोग घायल हुए। कई जगहों पर पटाखों के छर्रे जानलेवा साबित हुए, तो कहीं आग और धमाकों ने रिहायशी मकानों और मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया।

News : तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर लगी आग

कटनी जिले के बरही कस्बे में दीपावली की आधी रात के बाद कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित क्रॉकरी शोरूम में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ऊपर की मंजिलों पर सो रहा परिवार लपटों के बीच फंस गया। हादसे के वक्त सो रहे छह लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें दो महीने का एक बच्चा भी शामिल था।

News : सोते वक्त हुआ दूसरा बड़ा हादसा

एक अन्य दुर्घटना में सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड स्थित ज्वेलर कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब चार बजे आग लग गई। घटना के वक्त परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घर के सभी दरवाजों पर चैनल गेट लॉक होने की वजह से रेस्क्यू करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

News : दिल्ली के अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़

पटाखों से घायल और झुलसे हुए लोगों के इलाज के लिए दिल्ली के अस्पतालों में भारी भीड़ देखने को मिली। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 घायल पहुंचे। अन्य अस्पतालों में भी 100 से अधिक मरीज पहुंचे। एम्स में 11 लोग गंभीर रूप से झुलसे पाए गए, जिनमें से पांच की सर्जरी करनी पड़ी। वहीं, 45 प्रतिशत तक झुलसने के कारण आठ वर्षीय एक बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मेरठ में आतिशबाजी का नजारा देख रहा पांच साल का एक बच्चा डरकर भागा और फर्श पर सिर के बल गिर गया, जिससे सिर में कोई नुकीली चीज घुसने से उसकी मौत हो गई। फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की जान चली गई, और फर्रुखाबाद में पटाखा जलाते समय उसका एक टुकड़ा गले में धंसने से एक बालक की मौत हो गई। उधर, कानपुर में पटाखा गिरने से रजाई-तकिया बनाने के कारखाने और दुकानों में भीषण आग लग गई, जिससे एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

पंजाब के जालंधर में आतिशबाजी के कारण घर में लगी आग से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि लुधियाना के जगराओं में पटाखे की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे की जान चली गई। इसके अलावा, उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान एक पीएसी रिक्रूट की मौत हो गई।

News : अन्य राज्यों का हाल

राजस्थान के बूंदी और बीकानेर जिलों में भी आतिशबाजी की वजह से एक-एक बच्चे की जान चली गई। बिहार में दीये, पटाखों और शॉर्ट सर्किट से भड़की आग की घटनाओं के बीच एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत 10 बच्चे झुलस गए।

हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से 39 वर्षीय महिला की जान चली गई। वहीं, जम्मू की अनाज मंडी स्थित वेयरहाउस में आतिशबाजी की चिंगारी से भीषण आग लग गई, जिसमें सात दुकानें और गोदाम जलकर खाक हो गए। त्योहार के कारण गोदाम बंद था, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक व्यापारियों को करोड़ों रुपये की चपत लगी है।

Also Read : News : रुद्रपुर में सुतली बम पर रखा स्टील का जग फटने से सिपाही की गर्दन कटी, दर्दनाक मौत