Crime : असम के गुवाहाटी में एक विवाहित महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी और मृतक महिला के बीच पिछले 10 वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला की हत्या 1 नवंबर को की गई थी, जिसके छह दिनों बाद उसका शव बरामद किया गया।

Crime : एक ही परिसर में किराए पर रहते थे दोनों

आरोपी की पहचान धेमाजी के रहने वाले प्रदीप ताये के रूप में हुई है, जो गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में ड्राइवर के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, प्रदीप का 35 वर्षीया जीना बैश्य के साथ पिछले एक दशक से अफेयर चल रहा था।

दोनों एक ही मकान में किराएदार के रूप में रह रहे थे। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था, जिससे उनके परिवारों के बीच भी तनाव की स्थिति बन गई थी।

Crime : सूनसान इलाके में ले जाकर धारदार हथियार से किया वार

जांचकर्ताओं के अनुसार, 1 नवंबर को प्रदीप जीना को अपनी कार में बैठाकर ले गया था। उसने उसी दिन बेलटोला क्षेत्र से एक धारदार हथियार (दाव) खरीदा था और उसे गाड़ी में ही छुपा दिया था। रात करीब 8 बजे वह महिला को खानापारा के गणेश मंदिर के समीप एक एकांत स्थान पर ले गया।

वहां उसने हथियार से महिला पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को नजदीकी नाले में फेंक दिया और फरार हो गया।

Crime : नाले से शव मिलने के बाद हुई शिनाख्त

घटना के छह दिन बाद, 7 नवंबर को पुलिस को खानापारा स्थित नाले से एक अज्ञात शव मिला। पहचान होने के बाद मृतका के पति जीतू भुइया ने उसी रात वशिष्ठ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कड़ियों को जोड़ते हुए 8 नवंबर की रात मुख्य आरोपी प्रदीप ताये को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।

Crime : आरोपी ने कबूला अपना अपराध

वशिष्ठ पुलिस स्टेशन के प्रभारी कपिल पाठक के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के प्रमाण नहीं मिले हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Also Read : News : रुद्रपुर में सुतली बम पर रखा स्टील का जग फटने से सिपाही की गर्दन कटी, दर्दनाक मौत