Haj 2027 : वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए भारतीय तीर्थयात्रियों की संख्या तय कर ली गई है। सऊदी अरब के साथ हुए द्विपक्षीय करार के अनुसार, इस बार भारत से कुल 1,75,025 श्रद्धालु हज यात्रा पर जा सकेंगे। जेद्दा में भारत के केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने हज प्रबंधन की समीक्षा की और परस्पर सहयोग को बढ़ावा देने पर बातचीत की।

हस्ताक्षर के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि भारतीय श्रद्धालुओं की सुविधा और भलाई की दिशा में यह एक अहम कदम है। उन्होंने पुष्टि की कि सऊदी अरब के साथ हुए समझौते के तहत भारत का कुल कोटा 1,75,025 यात्रियों का तय हुआ है।

जेद्दा में स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया कि दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय चर्चा के बाद ही इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया।

Haj 2027 : समझौते के मुख्य बिंदु

दूतावास के अनुसार, बातचीत के दौरान यात्रा प्रबंधन, संचालन से जुड़े इंतजामों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सहूलियत को प्राथमिकता दी गई। दोनों देशों ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आपसी तालमेल को और बेहतर करने का संकल्प लिया।

Haj 2027 : 6 नवंबर को जेद्दा पहुंचे थे किरेन रिजिजू

किरेन रिजिजू शुक्रवार को ‘6वें हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027’ में शिरकत करने, आधिकारिक समझौते पर हस्ताक्षर करने और आगामी हज व्यवस्थाओं का जायजा लेने जेद्दा पहुंचे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय श्रद्धालुओं की सुविधाओं के प्रति सऊदी अरब के प्रतिबद्ध रुख की सराहना की और दोनों राष्ट्रों के मजबूत संबंधों को रेखांकित किया।

शनिवार को उन्होंने सऊदी मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया। रिजिजू ने इस दौरान आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया और हज यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Haj 2027 : प्रवासी भारतीयों संग मनाया दिवाली का त्योहार

सऊदी प्रवास के दौरान मंत्री रिजिजू ने जेद्दा स्थित भारत के महावाणिज्यदूत फहाद सूरी के आवास पर आयोजित दीवाली मिलन समारोह में भी भाग लिया। उन्होंने वहां मौजूद भारतीय समुदाय और अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि जेद्दा आना हमेशा ही एक सार्थक और यादगार अनुभव रहता है।

Also Read : News : रुद्रपुर में सुतली बम पर रखा स्टील का जग फटने से सिपाही की गर्दन कटी, दर्दनाक मौत