चमोली। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में प्रदेश के गठन, राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और उत्तराखंड की विकास यात्रा को याद किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर भराड़ीसैंण पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक आयोजित समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री देहरादून के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि उत्तराखंड का गठन 9 नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग होकर हुआ था। इस वर्ष राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर रहा है। हर साल 9 नवंबर को प्रदेशभर में राज्य स्थापना दिवस मनाया जाता है। यह दिन अलग राज्य की मांग को लेकर चले लंबे आंदोलन और इसके लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को याद करने का अवसर होता है।
गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर में राज्य स्थापना दिवस का आयोजन अपने आप में खास महत्व रखता है। गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया है। ऐसे में यहां होने वाले सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों को पहाड़ी क्षेत्रों के विकास तथा राज्य की अवधारणा से जोड़कर देखा जाता है।
वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण के लिए अपना योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा को चुनौतियों और संभावनाओं के बीच आगे बढ़ने वाली यात्रा बताया।
राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राज्य की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य के विकास लक्ष्यों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
