Big News : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से दबोच लिया है। गिरफ्तारी के बाद अब साहू की दीवाली जेल में ही कटेगी। इस पूरे मामले को लेकर आज दोपहर देहरादून पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कई अहम खुलासे करने वाली है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साहू के खिलाफ यूपी के बरेली और उत्तराखंड समेत अन्य जगहों पर लगभग 50 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार जेल की हवा खा चुका है।
मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनकी शिकायत के मुताबिक, साहू ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उनसे विवाह किया था और शादी के बाद से ही उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
Big News : खंगाला जा रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
इतना ही नहीं, साहू पर यह भी गंभीर आरोप है कि उसने फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी की और मंत्री रेखा आर्या को उनकी ही कंपनियों से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस मामले की गहराई से जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।
एसआईटी ने साहू के करीबी लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला, जिसमें बरेली और अन्य जिलों में 50 केस दर्ज होने की बात सामने आई।
एसआईटी लगातार उसकी तलाश में कई दिनों तक उसके तमाम ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इस बीच ऐसी चर्चाएं भी फैली थीं कि वह नेपाल भाग चुका है, जिसके चलते पुलिस ने नेपाली सुरक्षा एजेंसियों से भी संपर्क साधा था। आखिरकार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे यूपी के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।
