News : महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गंजेपन को दूर कर सिर पर दोबारा बाल उगाने का फर्जी दावा करने वाले एक आयुर्वेदिक तेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान विभाग ने 50.35 लाख रुपये कीमत की 5,040 बोतलें ज़ब्त की हैं।
FDA के मुताबिक, नासिक डिवीजन की एक टीम ने 5 नवंबर को एक ब्यूटी सैलून और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान पर औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940’ के नियमों के तहत की गई।
News : इंस्टाग्राम और फेसबुक पर होता था प्रचार
यह विवादित उत्पाद ‘VS हेयर ग्रोथ ऑयल’ के नाम से बेचा जा रहा था, जिसका धड़ल्ले से इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचार किया जाता था। विज्ञापनों में यह दावा किया जाता था कि यह तेल गंजे सिर पर भी बाल उगाने की क्षमता रखता है।
News : बिना लाइसेंस और निर्माता के नाम के बिक रहा था तेल
जांच में सामने आया कि 100 मिलीलीटर की प्रत्येक बोतल पर 999 रुपये का अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) तो दर्ज था, लेकिन पैकेजिंग पर न तो निर्माता का नाम-पता लिखा था और न ही कोई मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर मौजूद था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिष्ठान के मालिक योगेश भगत के पास इस तरह के आयुर्वेदिक उत्पाद को बनाने के लिए कोई वैध लाइसेंस या कानूनी अनुमति नहीं थी।
