News : दीवाली से ठीक पहले महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर के 105 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। 4 और 5 नवंबर को चलाए गए इस विशेष दीवाली अभियान के दौरान मुंबई से ही 28 लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
अभियान के तहत सात प्रतिष्ठानों को पूरी तरह बंद करने का निर्देश जारी हुआ, जिनमें पुणे से तीन, अमरावती से दो और मुंबई व कोंकण से एक-एक आउटलेट शामिल हैं। इस कार्रवाई की ज़द में कई नामी क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और फूड चेन्स भी आए हैं। मुंबई के वर्ली क्षेत्र में स्थित जेप्टो और ब्लिंकिट (ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड) के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा बिरयानी बाय किलो, टॉसिन पिज्जा (वर्ली) और जंबो बर्गर पर भी गाज़ गिरी है।
News : राजधानी बिरयानी सेंटर हुआ पूरी तरह बंद
FSSAI के मानकों का पालन न करने पर बोरीवली के राजधानी बिरयानी सेंटर को पूरी तरह सील/बंद करने का आदेश मिला। वहीं नागपुर में डी-मार्ट के एक आउटलेट पर नियमों की अनदेखी के चलते रिफाइंड सोयाबीन तेल का स्टॉक ज़ब्त किया गया।
News : दो गिरफ्तारियां और तीन गाड़ियां सीज़
कार्रवाई के दौरान 69 से अधिक स्थानों से करीब 1.35 करोड़ रुपये कीमत का संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामान ज़ब्त किया गया। प्रतिबंधित खाद्य सामग्री के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें दो लोगों की गिरफ्तारी हुई और तीन वाहन ज़ब्त किए गए।
एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि असुरक्षित खाद्य उत्पाद की बिक्री करने पर कानून में उम्रकैद और ₹10 लाख तक के भारी जुर्माने का प्रावधान है।
