News : प्रदेश सरकार नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए गंभीरता से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में राज्य का पहला एंटी नारकोटिक्स थाना स्थापित किया जाएगा। इस थाने के लिए 32 पदों को स्वीकृत करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से शासन को भेजे गए इस प्रस्ताव में संपूर्ण नारकोटिक्स नेटवर्क के सुचारू संचालन हेतु लगभग 70 पदों की जरूरत जताई गई है।
राज्य सरकार नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत प्रदेश में तीन-स्तरीय व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे राज्य, जिला और थाना स्तर पर नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
News : नारकोटिक्स मुख्यालय के लिए 20 पद स्वीकृत
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक में भी इस तंत्र को मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए थे। वर्तमान में राज्य में नारकोटिक्स मुख्यालय के लिए 20 पद स्वीकृत हैं, जिनमें पुलिस विभाग की अन्य विंग्स से कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति (deputation) पर तैनात किया गया है। अब इस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रुद्रपुर में पहला विशेष थाना खोलने की योजना है।
रुद्रपुर तथा इसके आसपास के इलाकों में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप होने और पंजाब से सीधा संपर्क होने के कारण रुद्रपुर को इस थाने की स्थापना के लिए चुना गया है। इसके साथ ही नारकोटिक्स निदेशालय के पूर्ण ढांचे को भी आकार दिया जा रहा है, जिसमें डीआईजी से लेकर चालक स्तर तक के नए पदों का सृजन किया जाएगा।
Also Read : News : रैपिडो राइडर ने यात्री को चाकू दिखाकर लूटा मोबाइल, पढ़े
