News : त्योहारों के मौके पर ग्राहक इस भरोसे के साथ दुकानें से मिठाई खरीदते हैं कि वे पूरी तरह सुरक्षित होंगी। मगर, राष्ट्रीय राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से मारी गई रेड में दुकानों पर साफ-सफाई और खाने-पीने की चीजों के रखरखाव में भारी लापरवाही सामने आई है।
कहीं मिठाइयों के गोदामों में कीड़े-मकोड़े घूमते मिले, तो कहीं भारी गंदगी, खुले हुए डस्टबिन, गंदे औजार, बिना साफ-सुथरे हाथों के मिठाई तैयार करने और वहीं कर्मचारियों के कपड़े रखे पाए गए। कई दुकानों पर पानी और खाने के सामान की लैब टेस्ट रिपोर्ट तक मौजूद नहीं थी।
News : सुधार क्यों नहीं हो रहा?
यह सवाल उठना लाजिमी है कि लगातार छापों और सैंपलिंग के बावजूद हालात क्यों नहीं सुधर रहे। इसकी वजह नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त और असरदार कार्रवाई की कमी है। अहम बात यह है कि विभाग जब भी छापेमारी करता है, उसका व्यापक प्रचार तो किया जाता है, लेकिन उन मामलों में आखिर में क्या एक्शन लिया गया? इसे कभी खुलकर सामने नहीं लाया जाता। जबकि जांच के नतीजों, दोषियों पर शिकंजा कसने और लाइसेंस रद्द होने की जानकारी मिलना आम जनता का हक है।
News : रेड में खुली सच्चाई, कई दुकानों से भरे गए सैंपल
ओखला फेज-2 के एवरग्रीन स्वीट हाउस के स्टोरेज एरिया में भारी संख्या में कीड़े-मकोड़े टहलते मिले और स्टाफ बिना ग्लव्स तथा साफ-सफाई का ध्यान रखे खाद्य सामग्री हैंडल कर रहा था। यहां पानी और खाद्य उत्पादों की जांच रिपोर्ट भी मौके पर नहीं दिखाई गई। विभाग ने इस दुकान से बूंदी और खोया के सैंपल कलेक्ट किए।
इसके अलावा कालीघटा स्वीट्स, भिकाराम चंदमल, अमन मिठाईवाला, ग्रोवर स्वीट कार्नर, मेठी फूड्स और सिंगला स्वीट्स जैसी नामी जगहों पर भी साफ-सफाई, स्टोरेज और कीड़ों से बचाव के इंतजामों में बड़ी खामियां पाई गईं। कई जगहों पर फूड सेफ्टी लाइसेंस टंगा हुआ नहीं था और पैकेजिंग व वर्करों की ट्रेनिंग से जुड़े कागजात भी अधूरे मिले।
News : तीन साल में 9,169 सैंपल लिए गए, 535 हुए फेल
साल 2022-23 से 2024-25 के दौरान दिल्ली में कुल 9,169 खाने-पीने के नमूनों की जांच की गई। इनमें से 535 सैंपल तय पैमानों पर खरे नहीं उतर पाए। वर्ष 2022-23 में 3,133 नमूनों में से 255, साल 2023-24 में 3,412 में से 150 और 2024-25 के दौरान 2,624 में से 130 सैंपल फेल निकले। हालांकि, सजा सिर्फ 38 मामलों में ही हो पाई और महज दो लाइसेंस रद्द किए गए।
News : 4100 किलो खोया-पनीर नष्ट, घी के 19 सैंपल अनसेफ
बीते सितंबर महीने में 4,100 किलोग्राम से अधिक मिलावटी खोया, पनीर और छेना नष्ट किया गया। मोरी गेट खोया मंडी के 30 सैंपल में से 22, जबकि घी के 59 नमूनों में से 19 असुरक्षित और 4 खराब पाए गए। इस संबंध में जब दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
Also Read : News : नशे के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस का बड़ा प्रहार, आठ गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति फ्रीज़
