Nainital : रेंज से लगे बैलपड़ाव इलाके के पत्तापानी, सेमलचौड़, रतनपुर और बिशनपुर गांवों में एक टस्कर हाथी का खौफ लगातार बना हुआ है। बुधवार सुबह भी यह हाथी स्थानीय किसानों की धान और गन्ने की फसलों को नुकसान पहुँचाता नजर आया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया। इससे पहले मंगलवार को ग्रामसभा रतनपुर के प्राथमिक विद्यालय के समीप हाथी के दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। खबर पाकर बन्नाखेड़ा के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर के नेतृत्व में वन कर्मी घटनास्थल पर पहुँचे और कड़ी मेहनत के बाद सुबह लगभग 11 बजे हाथी को आबादी वाले इलाके से बाहर निकाला।
Nainital : हाथी की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत
इस दौरान जब ग्रामीणों ने हाथी को भगाने की कोशिश की, तो हाथी गुस्से में उन्हीं की तरफ दौड़ पड़ा। इससे मौके पर भगदड़ मच गई और एक ग्रामीण चोटिल हो गया। क्षेत्र में हाथी की लगातार आवाजाही से लोग सहमे हुए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर के अनुसार, हाथी की उम्र लगभग 40 वर्ष लग रही है। उसकी सेहत की जाँच के लिए पशु डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है। उन्होंने माना कि हाथी की मौजूदगी से स्थानीय लोगों की सुरक्षा को जोखिम है, जिसके चलते वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Also Read : News : नशे के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस का बड़ा प्रहार, आठ गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति फ्रीज़
