रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय शिव लाल निवासी ग्राम बोरा, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मायकोटी डाट पुल के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में शिव लाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, कार सवार नागनाथ पोखरी की ओर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में मृतक शिव लाल का शव जिला अस्पताल लाया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे से मृतक के परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।