देहरादून। बिटकॉइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर देहरादून के एक व्यक्ति से 13.35 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के माध्यम से कुल 13,35,323 रुपये जमा कर दिए। बाद में ऑनलाइन ट्रेडिंग खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई गई, लेकिन जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो निकासी रोक दी गई।

पुलिस के अनुसार, आराघर स्थित मॉडल कॉलोनी निवासी विजय रमोला ने शिकायत में बताया कि जून 2026 में उनके मोबाइल पर कार्तिक अग्रवाल नाम के व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद को बिटकॉइन ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने दावा किया कि 10 हजार डॉलर के ट्रेडिंग खाते पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके बाद पीड़ित को आईएमटी मार्केट डॉट कॉम पर निवेश करने के लिए कहा गया।

आरोपी की बातों में आकर विजय ने अलग-अलग तारीखों में कुल 13,35,323 रुपये जमा किए। शिकायत के मुताबिक, रकम आईएमटी मार्केट से जुड़े मनी कलेक्टरों के भारतीय बैंक खातों में भेजी गई। भुगतान करने के बाद पीड़ित से बैंक रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा जाता था। इसके बाद निवेश और मुनाफे की रकम ऑनलाइन ट्रेडिंग खाते में दिखाई देती थी।

कुछ समय बाद जब विजय ने अपने खाते में दिखाई जा रही करीब 20 हजार डॉलर की रकम निकालने का प्रयास किया तो वेबसाइट पर निकासी की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी से बातचीत की, जिसकी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।

पीड़ित ने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद डालनवाला पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेनदेन, मनी कलेक्टरों और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।