देहरादून। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनावी हलचल तेज हो गई है। मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में भाजपा में इस सीट के लिए नए चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड की इस सीट पर 16 अक्तूबर को मतदान होगा।
भाजपा के सामने प्रत्याशी चयन के साथ सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने की चुनौती भी है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी इस बार चेहरा बदल सकती है। उत्तराखंड में पहले भी राज्यसभा के लिए अलग-अलग नेताओं को मौका मिलता रहा है और एक ही चेहरे को दोबारा भेजने की परंपरा नहीं रही है। ऐसे में नरेश बंसल को दोबारा मौका मिलेगा या किसी नए नेता को राज्यसभा भेजा जाएगा, इस पर निगाहें टिकी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा में वैश्य समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चा है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और हल्द्वानी समेत शहरी क्षेत्रों में इस समाज की मौजूदगी को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि अंतिम प्रत्याशी के नाम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 25 सितंबर को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। राज्यसभा चुनाव के लिए दावेदारी करने वाले नेताओं में से तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय करेगा। इससे यह भी स्पष्ट होगा कि पार्टी नरेश बंसल को दोहराती है या नए चेहरे को मौका देती है।
चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। 6 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 16 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
