देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी की हत्या करने की सूचना दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने फोन की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की।

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। वहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां से साक्ष्य जुटाए गए।

कई दिनों से चल रहा था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल और उसके पति धीरज के बीच पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में पति के साथ रहती थी। उसका भाई अभिषेक भी पास में ही रहता है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

You missed